सीहोर। माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, सीहोर में सूर्या फाउंडेशन द्वारा संचालित विद्यालय में रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास, प्रेम एवं आत्मीयता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सूर्या फाउंडेशन के परियोजना प्रमुख एवं कृषि विशेषज्ञ श्री गौतम नायक, विद्यालय के प्रबंधक श्री सत्येंद्र शर्मा, प्राचार्या डॉ. विनीत गाबा, उप प्रबंधक श्री संदीप मौर्य एवं प्रशासक श्री अशोक त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
रक्षाबंधन के अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने अतिथियों, प्रबंधन सदस्यों एवं शिक्षकों की कलाइयों पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावना को अभिव्यक्त किया। इस दौरान अतिथियों एवं शिक्षकों ने छात्राओं को स्नेह, सुरक्षा, सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद देते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के प्रबंधक श्री सत्येंद्र शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि रक्षाबंधन का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे एवं भाई-बहन के अटूट रिश्ते को मजबूत बनाए रखने का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं को जीवन में सदैव प्रेम, सहयोग एवं संस्कारों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
रक्षाबंधन उत्सव के दौरान विद्यालय परिसर का वातावरण उत्साह, उमंग एवं आत्मीयता से सराबोर रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, प्रशासनिक स्टाफ एवं समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक श्री अमित दुबे के मार्गदर्शन में विद्यालय की छात्राओं नंदनी एवं रिशिका धुर्वे ने किया।


0 Comments