कन्या शिक्षा परिसर में पालक-शिक्षक वार्ता एवं कृषि जागरूकता कार्यक्रम संपन्न


सीहोर। सूर्या फाउंडेशन द्वारा संचालित कन्या शिक्षा परिसर, सीहोर में पालक-शिक्षक वार्ता एवं कृषि जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या डॉ. विनीत गाबा ने अभिभावकों से संवाद करते हुए PT-1 परीक्षा परिणाम, बालिकाओं की शैक्षणिक प्रगति, विद्यालय में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, अनुशासन, सुरक्षा एवं विद्यालय के महत्वपूर्ण नियमों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय के नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा बालिकाओं की शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास में विद्यालय का सहयोग करने का आग्रह किया।


कार्यक्रम के दूसरे चरण में सूर्या फाउंडेशन के कृषि विशेषज्ञ श्री गौतम नायक ने अभिभावकों को जैविक एवं प्राकृतिक कृषि के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए गोबर, जैविक खाद एवं स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से कम लागत में खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उपाय बताए। उन्होंने पशुपालन को कृषि से जोड़ने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा स्वस्थ मिट्टी से स्वस्थ फसल और स्वस्थ जीवन के निर्माण पर विशेष जोर दिया।


कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत नशामुक्ति पर आधारित प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति रही। नाटक के माध्यम से अभिभावकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।


इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री सत्येंद्र शर्मा, प्रशासक श्री अशोक त्रिपाठी, उप-प्राचार्य श्री लोकेश, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री अमित दुबे द्वारा किया गया।



Post a Comment

0 Comments