छात्राओं को नवाचार और स्टार्टअप से जोड़ने की पहल, महिला पॉलीटेक्निक में MIIC सेंटर का शुभारंभ


सीहोर। शासकीय महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, सीहोर में MSME Innovation cum Incubation Centre (MIIC) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह, IAS मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।


महाविद्यालय पहुंचने पर प्रमुख सचिव का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के साथ बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। इस दौरान प्रमुख सचिव ने छात्राओं को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


RAMP योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के सहयोग से स्थापित MIIC का उद्देश्य छात्राओं में नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति, उद्यमिता एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। सेंटर के माध्यम से छात्राओं को अपने नए विचारों को व्यावहारिक रूप देने और उन्हें व्यवसाय के रूप में विकसित करने का अवसर मिलेगा।


कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद शर्मा ने संस्था की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्रमुख सचिव ने छात्राओं को नवाचार के साथ-साथ स्टार्टअप एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।


कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन के साथ आयोजन का समापन हुआ। महाविद्यालय परिवार ने प्रमुख सचिव की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।


Post a Comment

0 Comments