सीहोर। थाना भैरूंदा क्षेत्र के जेपी मार्केट में बाजार आई एक 7 वर्षीय बालिका अपने परिजनों से बिछड़ने के बाद रास्ता भटक गई। सूचना मिलने पर डायल-112 के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए बालिका को सकुशल उसके माता-पिता से मिलाया।
जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की रात करीब 9:32 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में सूचना प्राप्त हुई कि भैरूंदा थाना क्षेत्र के जेपी मार्केट में एक 7 वर्षीय बालिका मिली है, जो अपने घर का रास्ता भटक गई है और उसे पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही भैरूंदा थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
डायल-112 स्टाफ आरक्षक जितेंद्र कीर एवं पायलट नरेंद्र सोलंकी मौके पर पहुंचे और बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया। जवानों ने बालिका से स्नेहपूर्वक बातचीत कर जानकारी ली, जिस पर उसने बताया कि वह नयापुरा गांव की रहने वाली है और अपने परिजनों के साथ बाजार आई थी। बाजार में परिजनों से साथ छूट जाने के कारण वह रास्ता भटक गई थी।
बालिका द्वारा बताए गए गांव के आधार पर डायल-112 टीम उसे एफआरव्ही वाहन से लेकर नयापुरा पहुंची। वहां आसपास तलाश और पूछताछ करने पर बालिका के परिजन मिल गए। आवश्यक पहचान एवं सत्यापन के बाद पुलिस जवानों ने बालिका को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।
बालिका के सकुशल मिलने पर उसके माता-पिता ने डायल-112 पुलिस टीम की तत्परता और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।

0 Comments