सीहोर,16 अगस्त,2026 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में पूरे हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पिछड़ा वर्ग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर राष्ट्रगीम एवं राष्ट्रगान का गायन किया गया। इस मौके पर हर्ष फायर हुए और रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़े गये तथा मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी गई। समारोह में भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संदेश का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। इसके साथ ही मंत्री श्रीमती गौर ने भी संबोधित कर जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में जिले की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सीहोर जिला विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। कृषि, सिंचाई, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, उद्योग एवं रोजगार के क्षेत्र में जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों एवं जरूरतमंद परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है। सिंचाई एवं जलप्रदाय परियोजनाओं के विस्तार के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएँ मजबूत हुई हैं। वहीं नए उद्योगों एवं स्वरोजगार योजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। सुशासन, नवाचार और जनसेवा के क्षेत्र में भी सीहोर ने प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
मंत्री श्रीमती गौर ने परेड का निरीक्षण कर सभी परेड कमांडरो से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. तथा एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सनेा भी साथ थीं। परेड के पश्चात अनेक शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां दी। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा लोकतंत्र सेनानियों के परिजनों को मुख्य अतिथि द्वारा शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को भी सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पहले सेंट ऐंस स्कूल के छात्र-छात्राओं ने मध्यप्रदेश गान एवं हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा गान प्रस्तुत किया। इसके पश्चात आईईएस स्कूल के विद्यार्थियों के दल द्वारा सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इसी प्रकार सरस्वती कत्थक कला केन्द्र के दल द्वारा भी सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इसके बाद शासकीय सांदीपनि मनुबेन स्कूल द्वारा देशभक्ति समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया तथा कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं के बैंड दल द्वारा ब्रॉस बैंड प्रदर्शन किया गया।
अवसर पर उन्होंने स्कूल के विद्यार्थियों से संवाद किया और कड़ी मेहनत करने और निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मंत्री श्रीमती गौर के साथ ही अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों के साथ भोजन किया। मध्यान भोजन के पश्चात उन्होंने स्कूल के ही पास स्थित विशेष आवश्यक वाली दिव्यांग बालिकाओं के छात्रावास का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांग बालिकाओं से आत्मीयता के साथ संवाद किया और केयर टेकर्स को निर्देश दिए कि इन बच्चियों की देखभल बड़े ही प्रेम और सद्भाव के साथ की जाए और इनकी शिक्षा एवं पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिले की विकास गाथा पर आधारित बुकलेट का हुआ वितरण
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित सीहोर जिले की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट भी वितरित की गई। इस बुकलेट में सीहोर जिले की विगत ढाई वर्षों की विकास यात्रा और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियों को संक्षिप्त एवं आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया है। बुकलेट में कृषि, सिंचाई, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, उद्योग, रोजगार, ग्रामीण विकास, सुशासन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जिले में हुए विकास कार्यों को प्रमुखता से दर्शाया गया है। इसके माध्यम से जिले की विकास गाथा और आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी भी साझा की गई है।
यह थे उपस्थित
कार्यक्रम में विधायक श्री सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य श्री सीताराम यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर, श्री जसपाल अरोरा, कलेक्टर श्री बालागुरू के., एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, डीएफओ सुश्री अर्चना पटेल, अपर कलेक्टर श्री बृजेश सक्सेना, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, श्री सुदीप प्रजापति, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
.jpeg)
.jpeg)
0 Comments