सीहोर। गणतंत्र दिवस परेड शिविर-2026, नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले महात्मा गांधी महाविद्यालय, सीहोर के राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) के वरिष्ठ स्वयंसेवक आदित्य गौर को जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार एवं रासेयो स्वयंसेवकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल के अंतर्गत आदित्य गौर ने गणतंत्र दिवस परेड शिविर में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। शिविर के दौरान उन्हें राष्ट्रपति भवन में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से भेंट करने का अवसर मिला। इसके साथ ही उन्होंने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी भेंट की।
आदित्य गौर को प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा वे पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर, राष्ट्रीय एकता शिविर, मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर सहित विभिन्न शिविरों में महाविद्यालय, विश्वविद्यालय एवं प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़कर आदित्य ने विभिन्न जनजागरूकता एवं समाजसेवा गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की है। इनमें स्वच्छता अभियान, नारी सशक्तिकरण, एड्स जागरूकता, ‘एक पेड़ मां के नाम’, बाल संरक्षण सहित अनेक सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं।
आदित्य गौर की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर महात्मा गांधी महाविद्यालय के प्राचार्य हलीम खान, संचालक ज्योति शर्मा, रासेयो कार्यक्रम अधिकारी वैभव नागर, वरिष्ठ स्वयंसेवक शिवानी प्रजापति, अमित शर्मा, मानसी प्रजापति, प्रीति परमार सहित अन्य स्वयंसेवकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

0 Comments