सावन मास की शिवरात्रि पर ऐतिहासिक महाभिषेक, पूरा विश्व हुआ शिवमय पंडित प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर गूंजा हर-हर महादेव, घर-घर हुआ दिव्य अनुष्ठान, कुबेरेश्वरधाम पर 70 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक अभिषेक



सीहोर। सावन मास की पावन शिवरात्रि पर अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा महाराज के आह्वान पर देश-विदेश में भगवान शिव की भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों, मंदिरों और शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से महाभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन कर विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान भारत सहित दुनिया के विभिन्न देशों में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजे और वातावरण शिवमय नजर आया।

आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार, इस दिव्य अनुष्ठान में 82 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की। बड़ी संख्या में परिवारों ने घरों में पार्थिव शिवलिंग स्थापित कर जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं रुद्राभिषेक किया।

कुबेरेश्वरधाम पर 70 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक अभिषेक

जिला मुख्यालय के समीपस्थ कुबेरेश्वरधाम पर भी महाभिषेक को लेकर विशेष आयोजन किया गया। यहां 70 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से ऑनलाइन महाभिषेक में सहभागिता की। विशाल पंडाल में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से आयोजन का सीधा प्रसारण किया गया। विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा और पंडित समीर शुक्ला ने विप्रजनों के मार्गदर्शन में हजारों श्रद्धालुओं के साथ पार्थिव शिवलिंग का पूजन एवं अभिषेक कराया। सुबह से ही धाम पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा और हर-हर महादेव के जयकारों से परिसर गूंजता रहा।

अमेरिका से लेकर जापान तक शिव आराधना

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि आयोजन में भारत के साथ अमेरिका, रूस, जापान, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, दुबई, नेपाल, मॉरीशस सहित अनेक देशों में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने अपने घरों में भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं रुद्राभिषेक कर विश्व शांति और कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इस प्रकार के आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक किया था। इस वर्ष सहभागिता और व्यापक हुई है।

भक्ति मानव जीवन को देती है सकारात्मक ऊर्जा

ऑनलाइन महाभिषेक के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि भगवान शिव की भक्ति मानव जीवन को सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति और आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि भगवान शिव की आराधना पूरे विश्वास और श्रद्धा के साथ करें। उनके आह्वान पर बड़ी संख्या में परिवारों ने अपने घरों में शिवलिंग स्थापित कर विधि-विधान से पूजन एवं महाभिषेक किया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक इस धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।

सोशल मीडिया पर भी छाया शिवभक्ति का रंग

सावन शिवरात्रि के अवसर पर सुबह से ही मंदिरों और घरों में भगवान शिव की आराधना के साथ हर-हर महादेव के जयघोष सुनाई दिए। श्रद्धालुओं ने महाभिषेक के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया एवं डिजिटल माध्यमों पर साझा किए। इससे देश ही नहीं, विदेशों में भी शिवभक्ति का वातावरण दिखाई दिया। कई श्रद्धालुओं ने इसे आस्था और आध्यात्मिक एकता का अद्भुत अवसर बताते हुए कहा कि पहली बार उन्हें ऐसा अनुभव हुआ कि एक ही समय पर दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में करोड़ों लोग भगवान शिव की आराधना में जुटे हैं।

सनातन प्रेमियों को एक सूत्र में बांधने वाला आयोजन

सावन मास की शिवरात्रि पर आयोजित इस महाभिषेक ने श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का कार्य किया। आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं के बीच भगवान शिव के प्रति श्रद्धा, विश्वास और विश्व कल्याण की भावना प्रमुख रूप से दिखाई दी। महाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं के बीच एक ही भाव नजर आया, शिवभक्ति की कोई सीमा नहीं होती और आस्था के माध्यम से दुनिया के कोने-कोने में भगवान शिव का स्मरण किया जा सकता है। कुबेरेश्वरधाम से लेकर देश-विदेश के घरों तक गूंजे हर-हर महादेव के जयघोष ने सावन शिवरात्रि को भक्ति के ऐतिहासिक पर्व का रूप दे दिया।


Post a Comment

0 Comments