सीहोर, 22 अगस्त 2026 मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम लिमिटेड के सीहोर परियोजना मंडल के वन अमले द्वारा बुधनी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डाबरी के अंतर्गत वन क्षेत्र में वन भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास को विफल कर दिया गया।
सीहोर परियोजना मंडल के संभागीय प्रबंधक ने बताया कि वन क्षेत्र में लगभग 2.991 हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और वन भूमि पर अतिक्रमण रोका गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण के प्रयास में काटी गई 2.556 घन मीटर इमारती सागौन वन उपज जब्त की गई। जप्त वन उपज को नियमानुसार अभिरक्षा में लिया गया है।
प्रकरण में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और भेरूंदा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम भूराखेड़ा के निवासी 32 वर्षीय महेश आत्मज गिरदार बारेला, 36 वर्षीय पांडिया आत्मज श्रीपाल बारेला, 44 वर्षीय राजेश आत्मज काशीराम बारेला और 33 वर्षीय कृपाल आत्मज सुतार बारेला शामिल हैं।
अतिक्रमण के प्रयास में उपयोग किए गए ट्रैक्टर को भी जब्त किया गया है तथा ट्रैक्टर के राजसात की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। इसके अतिरिक्त प्रकरण की कार्रवाई के दौरान महेश आत्मज गिलदार बारेला के निवास से 04 नग कुल्हाड़ी भी जब्त की गई हैं। जब्त सामग्री को नियमानुसार प्रकरण में शामिल कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस प्रकरण में भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 26 (1) (क), 26(1) (च), 26(1) तथा वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2 (15), 2(16), 9, 51 एवं 52 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है तथा प्रकरण में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही अतिक्रमण के प्रयास से प्रभावित वन भूमि में 8,000 सागौन के पौधों का रोपण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है।
0 Comments