श्री राम कॉलोनी में गूंजे हर-हर महादेव और जय श्री राम के जयकारे, पार्षद मुकेश मेवाड़ा की अगुवाई में निकली भव्य पालकी यात्रा


सीहोर। श्री राम कॉलोनी स्थित श्री राम जानकी मंदिर से भगवान शिव की भव्य पालकी यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। धार्मिक आस्था से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पालकी यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंज उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।


पालकी यात्रा का शुभारंभ क्षेत्रीय पार्षद मुकेश मेवाड़ा ने भगवान की पवित्र पालकी अपने कंधों पर उठाकर किया। इसके बाद वे यात्रा में आगे रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आयोजन का नेतृत्व किया। पार्षद द्वारा स्वयं पालकी उठाकर यात्रा का शुभारंभ किए जाने की श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सराहना की।


यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर पालकी यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।


पालकी यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, भाजपा नेता सन्नी महाजन, वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय, मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, युवा मोर्चा से समीर सेन एवं एल्डरमैन तुषार सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। अतिथियों ने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया और आयोजन की सफलता पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।


पालकी यात्रा में भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों की आकर्षक झांकियां, भव्य शिवलिंग एवं शेषनाग की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। झांकियों को देखने के लिए मार्ग में बड़ी संख्या में नागरिक एकत्रित हुए। वहीं डमरू एवं झांझ वादकों की ऊर्जावान प्रस्तुति ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति में झूमते और भगवान शिव के जयकारे लगाते नजर आए।


धार्मिक आयोजन में मातृशक्ति की भी बड़ी संख्या में सहभागिता रही। महिलाओं ने भजन-कीर्तन करते हुए उत्साहपूर्वक पालकी यात्रा में भाग लिया। उनकी सहभागिता से आयोजन में विशेष उत्साह और धार्मिक वातावरण देखने को मिला।


यात्रा के समापन अवसर पर पार्षद मुकेश मेवाड़ा ने पालकी यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमी नागरिकों, मातृशक्ति, जनप्रतिनिधियों एवं सहयोगियों का सम्मान किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर पार्षद मुकेश मेवाड़ा ने कहा कि यह पालकी यात्रा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। आयोजन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने में सभी भक्तों, मातृशक्ति, सहयोगियों और जनप्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसके लिए वे सभी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।



Post a Comment

0 Comments