सीहोर। दाऊदी बोहरा समाज द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी रविवार को ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस का शुभारंभ कस्बा स्थित बोहरा मस्जिद से हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए छावनी स्थित बोहरा मस्जिद पहुंचकर संपन्न हुआ।
जुलूस के स्थानीय लीसा टॉकीज चौराहे पर पहुंचने पर सीहोर नागरिक सहकारी बैंक के पूर्व संचालक एवं समाजसेवी नेता चंपालाल यादव ने पुष्पवर्षा कर जुलूस का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं एवं समाजजनों को टॉफियां वितरित कीं तथा दाऊदी बोहरा समाज के अध्यक्ष अब्दुल हुसैन (लौहे वाले) एवं चल समारोह अध्यक्ष हुसैन अली (जैकी) का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर चंपालाल यादव ने कौमी एकता का संदेश देते हुए कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत हमारी गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारा और सर्वधर्म समभाव है। ईद मिलादुन्नबी का पर्व प्रेम, शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश देता है। हम सभी धर्मों और समाजों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और एक-दूसरे की खुशियों में शामिल हों, यही हमारी सीहोर की पहचान और देश की खूबसूरती है। आपसी प्रेम और भाईचारे से ही समाज और राष्ट्र मजबूत बनता है।
जुलूस के स्वागत के दौरान प्रमुख रूप से समाजसेवी नरेंद्र गोस्वामी, इसरार पहलवान, धन सिंह टीमराई, कुंदन राय, आशीष गुप्ता, हेमराज गुड्डा, ए.आर. शेख मुंशी, सुभाष वर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं नागरिक उपस्थित रहे।

0 Comments