वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा जाफराबाद एवं बोरखेड़ा में वस्त्र वितरण, स्टेशनरी वितरण एवं वाटर कूलर उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन



सीहोर | जिले के कोठरी स्थित वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा जनसेवा की भावना को साकार करते हुए बोरखेड़ा एवं जाफराबाद ग्रामों में विभिन्न सेवा गतिविधियों का अभिनव आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. शंकर विश्वनाथन, वाइस चांसलर डॉ. सतीश कुमार मोढ़, प्रो-वाईस चांसलर डॉ. टी. बी. श्रीधरन, निदेशक (ऑपरेशंस) डॉ. एस. प्रभाकर, कुलसचिव डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्रा, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनोद भट्ट, डॉ. देवव्रत गुप्ता , सुश्री दीप्ति भोजवानी सहित बोरखेड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच हमीर सिंह तथा जाफराबाद ग्राम पंचायत के सरपंच बाबूलाल उपस्थित रहे।


स्कूल में वाटर कूलर लगाने की अभिनव पहल


ग्राम बोरखेड़ा स्थित शासकीय विद्यालय में पढने वाले छात्र छात्राओं के हित को ध्यान में रखते हुए वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय के सहयोग से विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा विद्यालय परिसर में एक वाटर कूलर की स्थापना की गई | समारोह के दौरान उस समय एक अनूठा मोड़ आया जबकि इस अवसर पर उपाध्यक्ष डॉ. शंकर विश्वनाथन ने सराहनीय पहल करते हुए स्वयं उद्घाटन करने के स्थान पर विद्यालय के दो विद्यार्थियों को अपने साथ उद्घाटन करने के लिए आमंत्रित किया | जिसने उपस्थित जनसमुदाय को भावुक एवं अभिप्रेरित किया।


वाइस प्रेसिडेंट डॉ. शंकर विश्वनाथन ने दिया मार्गदर्शन


इस अवसर पर वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. शंकर विश्वनाथन ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने एवं अपने भविष्य को संवारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय की छात्रवृत्ति योजना की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यदि कोई विद्यार्थी कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करता है और वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहता है, तो विश्वविद्यालय की ओर से उसे 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।


वाइस चांसलर डॉ. सतीश कुमार मोढ़ ने किया विद्यार्थियों से संवाद


समारोह के दौरान वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डॉ. सतीश कुमार मोढ़ ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा, अनुशासन और समाज सेवा के महत्व से अवगत कराया तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने भी एनएसएस इकाई के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयंसेवकों का अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना गाँव के बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत है।


ग्राम जाफराबाद में भी हुआ स्टेशनरी वितरण


इसके बाद ग्राम जाफराबाद स्थित शासकीय हाई स्कूल में भी वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय से आए अतिथियों ने यहाँ के विद्यार्थियों के लिए स्टेशनरी वितरण की | इस अवसर पर वाइस प्रेसिडेंट डॉ. शंकर विश्वनाथन और कुलपति डॉ. सतीश कुमार मोढ़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उपस्थित विद्यार्थीयों से बड़े सपने देखने, उच्च शिक्षा प्राप्त करने तथा अपने गाँव एवं समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। दोनों ग्रामों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान वस्त्र वितरण अभियान के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सम्मान पूर्वक वस्त्र प्रदान किए गए।

कुल मिलाकर यह दोनों आयोजन एनएसएस के मूल मंत्र "स्वयं से पहले आप" की भावना का सजीव उदाहरण बने |


Post a Comment

0 Comments