सीहोर, 06 अगस्त, 2026   कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिला पंचायत सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे, ताकि किसी भी छात्र की पढ़ाई प्रभावित न हो। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव ने भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

      कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि विद्यालयों में नियमित साफ-सफाई, पौधारोपण, परिसर का सौंदर्यीकरण तथा स्वच्छ एवं आकर्षक वातावरण सुनिश्चित किया जाए। बच्चों के लिए आनंददायक शिक्षण वातावरण तैयार किया जाए, जिससे उनकी विद्यालय में रुचि बढ़े। उन्होंने अधिकारियों को स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने, डिजिटल संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा नवाचार आधारित शिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। बैठक में मिशन अंकुर के प्रभावी क्रियान्वयन, बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान (एफएलएन) की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

      बैठक में कक्षा 1 से 12 तक नामांकन, चाइल्ड ट्रैकिंग, शत-प्रतिशत पाठ्यपुस्तक वितरण, आधार प्रमाणीकरण, अपार आईडी निर्माण, यू-डाइस अपडेट, साइकिल वितरण, छात्रवृत्ति, ई-अटेंडेंस, सीएम हेल्पलाइन, विद्यालय भवनों की स्थिति तथा शौचालय निर्माण एवं मरम्मत सहित विभिन्न बिंदुओं की विकासखंडवार समीक्षा की गई।

     समीक्षा के दौरान बताया गया कि विभिन्न विकासखंडों में नामांकन, पाठ्यपुस्तक वितरण, अपार आईडी निर्माण तथा आधार प्रमाणीकरण की प्रगति लगातार बढ़ रही है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत पाठ्यपुस्तक वितरण, आधार प्रमाणीकरण एवं अपार आईडी निर्माण का कार्य प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा कोई भी विद्यार्थी इन सुविधाओं से वंचित न रहे। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती शीलू शर्मा, डीपीसी श्री रमेशराम उईके, डाइट प्राचार्य श्री संजय सिंह तोमर सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।