सीहोर जिले में 20 अगस्त से 15 सितंबर तक एग्री-स्टैक पंजीयन एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान

सीहोर, 19 अगस्त, 2026    कलेक्टर श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार किसानों को उर्वरक की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कृषि संबंधी विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में “एग्री-स्टैक पंजीयन, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान” 20 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

     अभियान के अंतर्गत किसानों की फार्मर आईडी बनाने एवं उसमें सभी खातों को शामिल करने, पैक्स में नए सदस्यों को जोड़ने, किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने तथा किसानों को अग्रिम उर्वरक उठाव के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही ई-विकास प्रणाली एवं ई-टोकन प्रणाली में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी किसानों को दी जाएगी और उनका लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा।

      ग्राम पंचायत स्तर पर जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है अथवा फार्मर आईडी में सभी खाते शामिल नहीं हैं, उनकी सूची का वाचन संबंधित पटवारी द्वारा किया जाएगा। इसके बाद शेष खातों को फार्मर आईडी में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।

    फार्मर आईडी किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से फसल उपार्जन, उर्वरक प्राप्त करने, अनुदान पर बीज एवं कृषि यंत्र प्राप्त करने, फसल प्रदर्शन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा ई-मंडी में फसल उत्पाद विक्रय सहित विभिन्न कृषि योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।

      अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री बालागुरू के. द्वारा जिला स्तर पर जिला पंचायत सीईओ तथा विकासखंड स्तर पर संबंधित जनपद सीईओ को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने अभियान के तहत निर्धारित दायित्वों का तत्काल क्रियान्वयन करते हुए शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


 



Post a Comment

0 Comments