सीहोर। म.प्र. राज्य कर्मचारी संघ जिला शाखा सीहोर ने प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर कर्मचारियों की लंबित मांगों के निराकरण को लेकर जिलाधीश को 23 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संघ ने शासन से कर्मचारियों, पेंशनरों एवं विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मियों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।
ज्ञापन में पुरानी पेंशन योजना लागू करने, ग्रेज्युटी की सीमा 25 लाख रुपये करने, शिक्षा विभाग एवं आदिम जाति विभाग में नवीन शैक्षणिक सेवा अवधि की गणना नियुक्ति दिनांक से करने तथा प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
इसके अलावा प्रदेश में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, संविदा एवं स्थायी कर्मियों को रिक्त पदों पर नियमित करने, पंचायत सचिवों का सम्मेलन पंचायत विभाग में किए जाने, नवीन नियुक्तियों में स्थाई फंड की व्यवस्था को माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार समाप्त कर नियुक्ति दिनांक से नियमित वेतनमान प्रदान करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कृषि विस्तार अधिकारियों की वेतन विसंगतियों का माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार निराकरण, अनुकम्पा नियुक्तियों की प्रक्रिया का सरलीकरण तथा शिक्षा विभाग में ई-अटेंडेंस प्रक्रिया में समय का निर्धारण सुनिश्चित करने सहित अन्य मांगों को भी शामिल किया गया है।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा, हेमंत अजानिया, गोपाल सिंह ठाकुर, कुन्दनलाल राय, बलराम पंवार, देवेन्द्र आर्य, भगवान सिंह ठाकुर, महेन्द्र मालवीय, ज्ञानबाबु जाट सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। संघ ने शासन से मांगों पर सकारात्मक एवं शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

0 Comments