सीहोर: सूने मकान में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, 1.30 लाख के जेवर और मोबाइल बरामद


सीहोर। कोतवाली पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1.30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 7 मार्च 2026 को सुरेखा पंवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, नगदी और मोबाइल चोरी कर ले गए। मामले में थाना कोतवाली में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत, नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रविंद्र यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बरामद सामग्री में करीब 5 ग्राम सोने के आभूषण, 100 ग्राम चांदी के आभूषण और सिक्के तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल शामिल है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में मुन्ना उर्फ रोहित शिल्पकार (20) निवासी बैरसिया, भोपाल, भारत उर्फ भरत काला (24) निवासी पलासी करोंद, भोपाल और करन शाक्य (20) निवासी बैरसिया, भोपाल शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रविंद्र यादव, उप निरीक्षक विक्रम आदर्श, आरक्षक जितेंद्र चंद्रवंशी, कपिल मेवाड़ा, विवेक प्रताप सिंह, सूरज मोरे तथा सैनिक मुकेश सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Post a Comment

0 Comments