सेफ क्लिक 2.0 अभियान का समापन, एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने छात्रों को दिया डिजिटल सुरक्षा का मंत्र


सीहोर। जिले में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान सेफ क्लिक 2.0 का समापन बुधवार को थाना बिलकिसगंज क्षेत्र स्थित मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी में आयोजित विशेष कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए।

कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पूजा शर्मा, प्रोफेसर डॉ. बाबुल ताम्रकार, प्रोफेसर डॉ. पवन कुमार शर्मा, डॉ. अरविंद अठावले सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में मेडिकल के छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।


साइबर सेल प्रभारी सुशील साल्वे ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, पहचान की चोरी, फर्जी लोन एप के माध्यम से ब्लैकमेलिंग और ओएलएक्स फ्रॉड जैसे मामलों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने मजबूत पासवर्ड, टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन और अज्ञात लिंक पर क्लिक नहीं करने जैसी डिजिटल सुरक्षा की महत्वपूर्ण बातें भी साझा कीं।

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने कहा कि सेफ क्लिक 2.0 अभियान का औपचारिक समापन हो सकता है, लेकिन साइबर अपराधों के खिलाफ सीहोर पुलिस की जागरूकता मुहिम लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस दौर में सुरक्षा का सबसे बड़ा आधार जागरूकता है। विशेष रूप से मेडिकल के विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सतर्क रहना चाहिए ताकि वे स्वयं के साथ साथ अपने परिवार, मरीजों और समाज को भी साइबर अपराधों से सुरक्षित रख सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से हर क्लिक सोच समझकर करने की अपील की।

एसपी ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि समय रहते शिकायत मिलने पर पुलिस और बैंकों के समन्वय से ठगी गई राशि को आगे ट्रांसफर होने से पहले रोकने की संभावना काफी बढ़ जाती है। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध शिकायत पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने सीहोर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा के साथ साइबर सुरक्षा जैसी व्यावहारिक जानकारी विद्यार्थियों के लिए बेहद आवश्यक है। विश्वविद्यालय ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को भविष्य में भी जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने कहा कि अभियान का समापन केवल एक पड़ाव है, जबकि साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्कता का अभियान लगातार जारी रहेगा।


Post a Comment

0 Comments