सीहोर, 11 जुलाई, 2026 ग्रामीण परिवारों को अधिक रोजगार, बेहतर आय और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भारत सरकार द्वारा लागू की गई विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) – VB-G RAM G योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है। इस योजना के तहत अब पात्र ग्रामीण परिवारों को एक वित्तीय वर्ष में 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार की वैधानिक गारंटी मिलेगी। साथ ही, देश के किसी भी राज्य में दैनिक मजदूरी ₹300 से कम नहीं होगी, जबकि राष्ट्रीय औसत मजदूरी बढ़कर लगभग ₹327 प्रतिदिन हो गई है।
सीहोर जिले की भैरूंदा तहसील के ग्राम महागांव जदीद निवासी श्रीमती कृष्णा कीर कहती हैं कि पहले रोजगार के केवल 100 दिन मिलते थे, लेकिन अब 125 दिनों तक काम मिलने से परिवार की आय में बढ़ोतरी होगी और आर्थिक स्थिति पहले से अधिक मजबूत बनेगी।
श्रीमती कृष्णा कीर ने कहा, "यह योजना हम जैसे ग्रामीण और मजदूर परिवारों के लिए बहुत लाभकारी है। अब गांव के आसपास ही ज्यादा दिनों तक काम मिलेगा, जिससे बाहर मजदूरी के लिए कम जाना पड़ेगा। रोजाना कम से कम 300 रुपये की मजदूरी मिलने से परिवार का खर्च चलाना आसान होगा और बच्चों की पढ़ाई सहित अन्य जरूरतें भी बेहतर तरीके से पूरी हो सकेंगी। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी का हृदय से धन्यवाद देती हूं।"
नई योजना में केवल रोजगार के दिनों में ही वृद्धि नहीं की गई है, बल्कि ग्रामीण विकास को भी नई दिशा दी गई है। इसके अंतर्गत जल संरक्षण, तालाबों और खेत-तालाबों का निर्माण, वर्षा जल संरक्षण, ग्रामीण सड़क एवं आधारभूत संरचना का विकास, कृषि उत्पादकता बढ़ाने वाले कार्य, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण तथा महिलाओं की भागीदारी को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही समय पर रोजगार उपलब्ध कराने, निर्धारित अवधि में मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने तथा कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए भी प्रभावी प्रावधान किए गए हैं। पहले से बने जॉब कार्ड भी मान्य रहेंगे, जिससे श्रमिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
महागांव जदीद की कृष्णा कीर जैसी हजारों ग्रामीण महिलाओं और श्रमिक परिवारों के लिए VB-G RAM G केवल एक रोजगार योजना नहीं, बल्कि आर्थिक सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत है। यह योजना विकसित भारत के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रही है।
0 Comments