सीहोर/भैरुंदा। भैरुंदा पुलिस ने सात महीने से लापता नाबालिग बालिका को महाराष्ट्र के जलगांव से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका की दस्तयाबी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा नगद इनाम भी घोषित किया गया था। मामले में पुलिस की कार्रवाई अभी जारी है।
जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2025 को थाना भैरुंदा में एक नाबालिग बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कर अपराध पंजीबद्ध किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रोशन कुमार जैन की निगरानी में थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार तलाश जारी रखी। जांच के दौरान पता चला कि संदेही बालिका को लेकर अपने स्थानीय पते से फरार हो गया था। लंबे समय तक लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के जलगांव में दबिश देकर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
बालिका को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पूजा सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक महेंद्र, आरक्षक रविन्द्र, आरक्षक सतेन्द्र तथा साइबर सेल सीहोर की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।

0 Comments