सीहोर, 15 जुलाई, 2026 बच्चों को डायरिया एवं अन्य गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग द्वार 14 जुलाई से 31 अगस्त तक दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान चलाया जा रहा है। सीहोर जिला अस्पताल में इस अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री सुदेश राय ने अभियान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही सभी विकासखंडों में शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सीएमएचओ डॉ सुधीर डेहरिया ने बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों स्क्रीनिंग करेंगी तथा डायरिया, कुपोषण, निमोनिया सहित अन्य बाल्यकालीन बीमारियों की पहचान कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराएंगी। अभियान के दौरान बच्चों को ओआरएस के पैकेट, जिंक की गोलियां, विटामिन-ए एवं आयरन सिरप उपलब्ध कराया जाएगा। गंभीर रूप से बीमार अथवा कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य संस्थाओं में उपचार के लिए रेफर भी किया जाएगा।
मैदानी स्तर पर एएनएम के नेतृत्व में आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के संयुक्त दस्तक दल घर-घर जाकर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य डायरिया से होने वाली बाल मृत्यु दर में कमी लाना, बच्चों में बीमारियों की समय पर पहचान करना तथा उन्हें शीघ्र उपचार उपलब्ध कराना है। जिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. यू.के. श्रीवास्तव, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. राजकुमार अहिरवार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
.jpeg)
0 Comments