15 से 30 जुलाई तक जिले में चलेगा “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान कलेक्टर ने सभी विभागों एवं शिक्षण संस्थानों को दिए व्यापक जनजागरूकता के निर्देश

सीहोर, 15 जुलाई, 2026    शासन के निर्देशानुसार जिले में 15 से 30 जुलाई 2026 तक “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों, शासकीय एवं अशासकीय विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों तथा विभिन्न संस्थाओं को निर्देश दिए हैं।

    कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाए। अभियान के अंतर्गत रैली, मानव श्रृंखला, नशा मुक्ति शपथ, निबंध, पोस्टर, पेंटिंग एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, साइकिल रैली, युवा संवाद, जनजागरूकता यात्राएं, विशेष व्याख्यान तथा समूह चर्चा जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में भी आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

    कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि अधिक से अधिक नागरिकों को “नशा मुक्ति मित्र” के रूप में पंजीयन कराने तथा ई-प्लेज (नशा मुक्ति शपथ) दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अभियान के दौरान आयोजित सभी गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

   कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा है कि अभियान के दौरान प्रत्येक कार्यक्रम में नशा मुक्ति से संबंधित सहायता सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। इसके लिए राष्ट्रीय टोल फ्री हेल्पलाइन 14446 तथा मानस हेल्पलाइन 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति अथवा उनके परिजन समय पर परामर्श एवं सहायता प्राप्त कर सकें

Post a Comment

0 Comments