सीहोर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नगर इकाई सीहोर के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को शासकीय पीजी कॉलेज के गेट के समाक्ष एनएसयूआई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भोपाल में एनएसयूआई के एक पदाधिकारी पर लगे गंभीर आरोपों के विरोध में नाराजगी जताते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर एबीवीपी के नगर मंत्री खुशहाल मोटवानी ने कहा कि भोपाल में एनएसयूआई के महासचिव पर जनजातीय युवती के साथ कथित दुष्कृत्य का आरोप अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं किसी भी छात्र संगठन की छवि को धूमिल करती हैं और ऐसे मामलों में दोषियों को कठोर से कठोर सजा मिलनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।
इस अवसर पर विभाग छात्रा प्रमुख कु. पलक यादव, जिला छात्रा प्रमुख कु. ऋषिका पटेल, चंचल राजपूत, नागेश बैरागी, लक्ष्य समदिया, यश भिलाला, सौरभ माहेश्वरी, राहुल मालवीय सहित बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 Comments