किसान दिवस पर बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया आरसेटी सीहोर का भ्रमण, प्रशिक्षणार्थियों का बढ़ाया उत्साह


सीहोर। किसान दिवस के अवसर पर 18 जुलाई 2026 को बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), सीहोर का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा संस्थान की गतिविधियों की सराहना की।

भ्रमण के दौरान बैंक ऑफ इंडिया प्रधान कार्यालय, मुंबई के महाप्रबंधक श्री लोकेश कृष्णा, एफजीएमओ भोपाल के महाप्रबंधक श्री संजय श्रीवास्तव, भोपाल आंचलिक कार्यालय के आंचलिक प्रबंधक श्री बी.आर. पटनायक एवं उप आंचलिक प्रबंधक श्री संदीप कुमार अग्रवाल ने संस्थान का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने संस्थान में संचालित जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर एवं होममेड अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उन्हें स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने आरसेटी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी उत्साहवर्धन किया तथा पूर्व निर्धारित लक्ष्यों की सफलतापूर्वक प्राप्ति पर उन्हें बधाई दी। साथ ही संस्थान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

भ्रमण के दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय के प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया के आंचलिक कार्यालय, सीहोर शाखा एवं के.यू. मंडी शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



Post a Comment

0 Comments