सीहोर। सीवन नदी के तट से लेकर कुबेरेश्वरधाम तक भगवान शंकर के जयकारें से वातावरण गूंजमान है। तट से कांवड लेकर श्रद्धालु भक्ति के साथ करीब 11 किलोमीटर तक पैदल ही चल रहे है। कई भक्त तो ऐसे है जो रेलवे स्टेशन से दंडवत करते हुए पहुंच रहे है। विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा और पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य ने कांवड यात्रियों का धाम पर सम्मान और स्वागत किया।
सावन माह के पावन अवसर पर कुबेरेश्वरधाम की ओर श्रद्धालुओं की आस्था निरंतर बढ़ती जा रही है। आगामी 3 अगस्त को निकाली जाने वाली भव्य कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही शहर के सीवन नदी तट पर मेले जैसा माहौल बन गया है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं तथा पूजा सामग्री, कांवड़ और धार्मिक वस्तुओं की दुकानों पर भी चहल-पहल बढ़ गई है। लगातार चार दिनों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरी आस्था और उत्साह के साथ सीवन नदी के तट पर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा अर्चना करते हुए पैदल ही 11 किलोमीटर का भक्त का सफर शुरू करते है। इनके स्वागत के लिए अनेक स्थानों पर स्टाल लगाकर, फलहारी खिचडी, चाय, पेयजल और भोजन आदि की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए अनेक समाजसेवी और विठलेश सेवा समिति तैयारियां कर रही है।
पिछले चार-पांच दिनों से श्रद्धालु सीवन नदी से पवित्र जल लेकर लगभग 11 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए कुबेरेश्वरधाम पहुंच रहे हैं। बारिश और तेज धूप के बीच भी शिवभक्त पूरे उत्साह के साथ श्री शिवाय नमस्तुभ्यं और हर-हर महादेव के जयघोष करते हुए अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। पूरे मार्ग पर शिवभक्ति का वातावरण बना हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने कांवड़ यात्रा को आस्था, विश्वास और समर्पण का प्रतीक बताते हुए कहा कि भगवान शिव तक पहुंचने का सबसे सरल मार्ग सच्ची श्रद्धा और निष्कपट भाव है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कांवड़ यात्रा को सेवा, संयम और भक्ति के साथ संपन्न करने का आग्रह किया।
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि सावन माह में 3 अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त और 25 अगस्त को भव्य कांवड़ यात्राएं निकाली जाएंगी। इन आयोजनों में प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। तीन अगस्त को विठलेश सेवा समिति नगर ईकाई की भव्य कांवड यात्रा शाम को चार बजे शहर के सीवन नदी तट से निकाली जाएगी।
0 Comments