मृतिका बेटी दुर्गेश्वरी को न्याय दिलाने हेतु कोली समाज ने प्रदर्शन कर एसपी कार्यालय में सौंपा ज्ञापन


सीहोर। सीहोर जिले आष्टा निवासी मृतका दुर्गेश्वरी कोली को न्याय दिलाने की मांग को लेकर गुरुवार को अखिल भारतीय कोली समाज (रजि.) के बैनर तले समाजजनों ने सीहोर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान समाजजनों ने बेटी को न्याय दो, दहेज हत्यारों को फांसी दो और जातिगत भेदभाव बंद करो जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। ज्ञापन का वाचन कोली समाज सीहोर के पूर्व जिला अध्यक्ष मुकेश कोली ने किया।


ज्ञापन में बताया गया कि दुर्गेश्वरी का विवाह लगभग तीन वर्ष पूर्व आष्टा में हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से उसे दहेज की मांग को लेकर मानसिक एवं शारीरिक प्रताडऩा का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही उसके साथ जातिगत अपमान भी किया जाता था। मृतिका के परिजनों का आरोप है कि प्रताडऩा से परेशान होकर वह अपनी मां के घर इंदौर लौटना चाहती थी, लेकिन उसी दिन उसके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। मायके पक्ष ने इसे हत्या बताते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली एवं पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश कोली ने कहा कि समाज अपनी बेटी के साथ हुए अन्याय को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो अखिल भारतीय कोली समाज प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन करेगा।

इस दौरान कोरी/कोली समाज महापंचायत के अध्यक्ष दिनेश वर्मा (दानिश), कोरी धीमान समाज के अध्यक्ष ओमप्रकाश धीमान, मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के प्रदेश समन्वयक रमेश चिरगैया, बंटी छाबरिया, दीपेश यादव, पूर्व महामंत्री नंदकिशोर महावर, तहसील अध्यक्ष श्यामपुर राजू शाक्य, राजमल महावर, मनीराम शाक्य, रवि शाक्य, दयाराम कैलासिया सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments