सीहोर, 30 जुलाई, 2026 जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना सुरेंद्र मेवाड़ा की अध्यक्षता में जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना सुरेंद्र मेवाड़ा एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव द्वारा कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी और शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों की गतिविधियों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उर्वरक उपलब्धता, गुणवत्ता नियंत्रण, सूक्ष्म सिंचाई, मृदा परीक्षण, दलहन-तिलहन प्रोत्साहन तथा उपार्जन कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। अधिकारियों को किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने, उर्वरक एवं बीज वितरण की सतत निगरानी रखने, मृदा परीक्षण बढ़ाने तथा उपार्जन एवं भुगतान संबंधी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना, बकरी इकाई योजना, मुर्रा पाड़ा योजना, टीकाकरण अभियान एवं गौशाला संचालन की प्रगति की समीक्षा की गई। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा पशुओं के टीकाकरण एवं गौसंरक्षण गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा में उद्यानिकी क्षेत्र विस्तार, फल, सब्जी एवं मसाला उत्पादन, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME), एकीकृत बागवानी विकास मिशन (MIDH) तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई। अधिकारियों को अधिकाधिक किसानों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को प्रोत्साहित करने तथा सूक्ष्म सिंचाई और बागवानी गतिविधियों का विस्तार करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में विद्यालय संचालन, पाठ्यपुस्तक वितरण, लैपटॉप, ई-स्कूटी एवं साइकिल वितरण, वार्षिक परीक्षा परिणाम, स्कूल भवन निर्माण एवं मरम्मत कार्यों तथा सर्व शिक्षा अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को विद्यार्थियों को समय पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने, अधोसंरचना कार्यों में गति लाने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री जीवन सिंह मंडलोई सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
.jpeg)
0 Comments