कुबेरेश्वरधाम पर गुरु महोत्सव आज से, एक दिन पहले ही पंडाल हाउस-फुल श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पार्किंग, चिकित्सा सेवाएं, पुलिस बल, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित


सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में पांच दिवसीय गुरु महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार से आयोजित होगा। महोत्सव को लेकर देशभर से श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। आयोजन शुरू होने से एक दिन पहले ही कथा पंडाल श्रद्धालुओं से हाउसफुल हो गया, जबकि आसपास की होटल, धर्मशालाएं एवं ठहरने के अधिकांश स्थान भी पूरी तरह भर चुके हैं। आयोजन को व्यवस्थित किए जाने के लिए जिला प्रशासन और विठलेश सेवा समिति ने भोजन, चिकित्सा, पार्किंग, कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की व्यवस्था की है। गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा, समिति के पंडित विनय मिश्रा और पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य ने यहां पर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की।

समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि गुरु महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार से 28 जुलाई तक शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा, जबकि 29 जुलाई को एक दिवसीय गुरु दीक्षा महोत्सव आयोजित होगा। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए समिति एवं प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए लगभग 1 लाख 80 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में निर्मित स्थायी कथा पंडाल में शिव महापुराण श्रवण की व्यवस्था की गई है। वहीं, करीब 50 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में विशाल भोजन प्रसादी स्थल तैयार किया गया है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।

महोत्सव को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पार्किंग, चिकित्सा सेवाएं, पुलिस बल, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आयोजन की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं, गुरुवार को प्रवचन के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा, महादेव की भक्ति में जो खो गया, वह दुनिया की हर चिंता से मुक्त हो गया, क्योंकि शिव ही सच्ची शांति हैं। भगवान के नाम का निरंतर स्मरण करना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से शिव भक्ति, सेवा, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि सच्ची श्रद्धा और विश्वास से किया गया भगवान शिव का स्मरण जीवन में सुख, शांति और आत्मिक आनंद प्रदान करता है। गुरु महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है और आयोजन स्थल पर सुबह से देर रात तक भक्तों का पहुंचना लगातार जारी है।


Post a Comment

0 Comments