सीहोर, 16 जुलाई, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। बैठक में एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिले की सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सड़कों के गड्ढों की मरम्मत नहीं होने पर नगर पालिका सीहोर के सीएमओ को फटकार लगाते हुए तत्काल गड्ढे भरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनती है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत उपलब्ध कराई जा रही कैशलेस उपचार सुविधा का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद पात्र घायलों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा मृतक एवं घायलों को मिलने वाली राहत राशि के प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए।
बैठक में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित चालानी कार्रवाई, गंभीर मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स के सुधार, ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण तथा हाईवे पर नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। साथ ही राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन राशि देने की व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर और एसपी ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने, यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण हटाने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। बैठक में वन मंडलाधिकारी सुश्री अर्चना पटेल, ईपीडब्ल्यूडी के श्री बीएल अहिरवार, यातायात प्रभारी श्री बृजमोहन धाकड़ सहित अन्य अधिकारी अधिकारी उपस्थित थे।
.jpeg)
0 Comments