सीहोर। पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंद्रा नगर छावनी स्थित श्मशान घाट में संचालित "संकल्प से कायाकल्प" अभियान के अंतर्गत विकसित की जा रही स्मृति वाटिका में बुधवार को #एक_पेड़_प्रतिदिन_संकल्प अभियान के 41वें दिन विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से भी जीवन के हर शुभ अवसर पर पौधारोपण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजाराम कसौटियां, ब्राह्मण समाज सीहोर के अध्यक्ष दीपक शर्मा, रवि राठौर (कस्बा), दुष्यन्त दासवानी (अमर जनरल स्टोर), लखन ठाकुर, ललित राठौर (गंज) एवं वरिष्ठ पत्रकार भूपेंद्र राठौर ने अपने जन्मदिन के अवसर पर स्मृति वाटिका में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर अभियान के संयोजक एवं प्रथम सेवक नरेंद्र राजपूत, पार्षद ने बताया कि यह जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण का अभियान उनके जन्मदिन 19 अप्रैल से लगातार संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से इंद्रा नगर छावनी श्मशान घाट परिसर में स्वच्छता, हरियाली, पौधारोपण और सौंदर्यीकरण का कार्य जनसहभागिता के साथ नियमित रूप से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य श्मशान घाट को केवल अंतिम संस्कार का स्थान बनाकर सीमित नहीं रखना, बल्कि उसे श्रद्धा, सेवा, स्वच्छता, हरियाली और सामाजिक प्रेरणा का केंद्र बनाना है। स्मृति वाटिका में लगाए जा रहे पौधे आने वाले समय में लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे और यह स्थान हरियाली से आच्छादित होकर शहर के लिए एक प्रेरणास्रोत बनेगा।
नरेंद्र राजपूत ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, बच्चों के जन्मोत्सव, पुण्यतिथि अथवा अन्य शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। यदि प्रत्येक नागरिक इस संकल्प को अपनाए तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है।
उन्होंने बताया कि अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों का लगातार सहयोग मिल रहा है। सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, युवाओं एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से स्मृति वाटिका का स्वरूप दिन-प्रतिदिन अधिक हरित, स्वच्छ और आकर्षक बनता जा रहा है। अभियान के माध्यम से लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित हो रही है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया और कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। सभी ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।


0 Comments