जिला पंचायत सीईओ ने स्कूलों का किया निरीक्षण बच्चों की आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान का किया आकलन



सीहोर, 08 जुलाई, 2026 जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव ने विद्यार्थियों की आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान का आकलन करने के उद्देश्य से बिलकिसगंज के जनजातीय ग्रामों सालीखेड़ा, पाटनी एवं बिलकिसगंज स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं का निरीक्षण किया।

  निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीयता के साथ संवाद किया तथा खेल-खेल में भाषा एवं गणित की आधारभूत अवधारणाओं पर आधारित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उनकी सीखने की क्षमता का आकलन किया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक इन गतिविधियों में भाग लिया। उन्होंने शिक्षकों के साथ चर्चा करते हुए उन्हें निर्देशित किया कि कक्षाओं में अधिक से अधिक गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धति अपनाई जाए, जिससे बच्चों में अध्ययन के प्रति रुचि विकसित हो। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई एफएलएन शिक्षण-सामग्री का प्रभावी एवं नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी भाषा एवं गणित की आधारभूत दक्षताओं को सहज एवं आनंददायक तरीके से अर्जित कर सके।

    उन्होंने कहा कि प्रारंभिक कक्षाओं में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं मजबूत आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान बच्चों के समग्र शैक्षणिक विकास की नींव है। इस दिशा में शिक्षकों की सक्रिय भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा प्रत्येक विद्यार्थी की नियमित प्रगति का सतत मूल्यांकन एवं आवश्यक शैक्षणिक सहयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

Post a Comment

0 Comments