जिला पंचायत सीईओ ने ली एफएलएन स्टीयरिंग समिति की समीक्षा बैठक


सीहोर, 23 जुलाई, 2026   नई शिक्षा नीति 2020 तथा निपुण भारत मिशन के अंतर्गत संचालित बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (FLN) गतिविधियों की प्रगति, मॉनिटरिंग एवं आगामी कार्ययोजना की समीक्षा के लिए सीहोर स्थित डाइट के सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एफएलएन स्टीयरिंग समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

     बैठक में सभी विकासखंडों द्वारा ब्लॉक की उपलब्धियों, प्रगति संकेतकों एवं सुधार क्षेत्रों की जानकारी दी गई। साथ ही चार्ट एवं डाटा विश्लेषण के माध्यम से वर्तमान में सामने आ रही चुनौतियों एवं उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई। ब्लॉकवार समीक्षा के आधार पर अपेक्षित सुधार के लिए आगामी रणनीति भी निर्धारित की गई।

     बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव ने कहा कि सभी अधिकारी एवं समिति सदस्य अपने-अपने विकासखंडों में बच्चों के एफएलएन स्तर में गुणात्मक सुधार सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास करें। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूल में बच्चों की कम से कम 80 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाएग। भाषा एवं गणित की प्रारंभिक दक्षताओं में सुधार हेतु बच्चों को अतिरिक्त अभ्यास एवं सहयोगात्मक शिक्षण अवसर प्रदान किए जाएँ। शिक्षक नियमित रूप से बच्चों की कॉपियां चेक करें और सकारात्मक फीडबैक दें। साप्ताहिक शिक्षण योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए तथा गतिविधि आधारित शिक्षण और टीएलएम के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए, जिससे बच्चों में अध्ययन के प्रति रुचि विकसित हो।

     बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री शीलु शर्मा, डीपीसी श्री आर.आर. उइके, डाइट प्राचार्य श्रीमती अनीता बड़गूजर, सभी एपीसी, बीआरसीसी, बीएसी, बीईओ, चयनित एफएलएन शिक्षक एवं बीआरजी, मिशन अंकुर प्रोजेक्ट लीड श्री सुमित साध एवं जिला प्रभारी श्री सुमन स्वर्णकार उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments