साईं नाथ पालकी यात्रा की तैयारियां शुरू, लोकेन्द्र वर्मा बने अध्यक्ष गुरु पूर्णिमा पर 29 जुलाई को निकलेगी भव्य साईं पालकी यात्रा, बैठक में पदाधिकारियों की घोषणा


सीहोर। आगामी 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर निकाली जाने वाली भव्य साईं नाथ पालकी यात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार शाम आर.के. पैलेस गार्डन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी सेवा यादव ने की। बैठक में यात्रा को भव्य, सुव्यवस्थित एवं ऐतिहासिक बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न जिम्मेदारियों का वितरण किया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष की साईं पालकी यात्रा का नेतृत्व नगर के सक्रिय जनप्रतिनिधि एवं पार्षद लोकेन्द्र वर्मा करेंगे। यात्रा के संस्थापक बृजमोहन सोनी, पूर्व अध्यक्ष छगन यादव, पार्षद अर्जुन राठौर सहित सभी वरिष्ठ सदस्यों की सहमति से लोकेन्द्र वर्मा को वर्ष 2026 की साईं पालकी यात्रा समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके मनोनयन की घोषणा होते ही उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया और पुष्पमालाओं से सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।

बैठक में यात्रा के सफल संचालन के लिए अन्य पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई। अंकित राठौर एवं सचिन रमन बघेल को यात्रा प्रभारी, पंडित पुनीत एवं गब्बर यादव को कोषाध्यक्ष तथा युवा वर्ग को संगठित करने की जिम्मेदारी तनिष्क सोनी को युवा अध्यक्ष के रूप में सौंपी गई। सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के विश्वास पर आभार व्यक्त करते हुए यात्रा को भव्य एवं अनुशासित स्वरूप देने का संकल्प लिया।

बैठक में वक्ताओं ने बताया कि गंज क्षेत्र स्थित श्री साईं मंदिर से प्रत्येक वर्ष गुरु पूर्णिमा के अवसर पर निकाली जाने वाली साईं पालकी यात्रा नगर की आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बन चुकी है। पिछले 25 वर्षों से लगातार निकल रही यह यात्रा धार्मिक सद्भाव, सेवा और सामाजिक एकता का संदेश देती आ रही है। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु साईं बाबा के जयकारों के साथ शामिल होकर नगर भ्रमण करते हैं। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पालकी का भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा, भजन-कीर्तन, प्रसादी वितरण एवं सेवा कार्य किए जाते हैं।

समिति ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील भी की गई।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पहार पहनाकर अभिनंदन किया और यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

बैठक में प्रमुख रूप से संस्थापक बृजमोहन सोनी, पूर्व अध्यक्ष छगन यादव, पार्षद अर्जुन राठौर, सेवा यादव, लोकेन्द्र वर्मा, अंकित राठौर, सचिन रमन बघेल, पंडित पुनीत, गब्बर यादव, तनिष्क सोनी, दीपांशु राठौर, सोनु राठौर, चैतन राठौर, आशीष राठौर, मोन्टी राठौर, जितेन्द्र विश्वकर्मा, प्रवेश राठौर, अभिषेक राठौर, रत्नेश राठौर, सुनील राठौर, पवन राठौर, चैतन गोस्वामी सहित समिति के अनेक सदस्य एवं साईं भक्त उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments