सीहोर/नई दिल्ली। आईआईएलएम (IILM) विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में स्वावलंबी भारत अभियान की अखिल भारतीय कार्ययोजना बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में देशभर के 21 विभिन्न संगठनों के केंद्रीय पदाधिकारियों ने भाग लेकर युवाओं को कौशल विकास एवं उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में व्यापक चर्चा की।
बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं अभियान के वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इनमें अखिल भारतीय सेवा प्रमुख पराग अभ्यंकर, अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख सैंथिल, अखिल भारतीय सह संपर्क प्रमुख भारत भूषण, स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल, सतीश, सुधीर, भगवती शर्मा, आर. सुंदरम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान देशभर में कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में चल रहे सफल प्रयोगों एवं नवाचारों की प्रस्तुति दी गई। साथ ही सभी 21 संगठनों ने समन्वित प्रयासों के माध्यम से अभियान को गांव-गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।
बैठक में विश्व हिन्दू परिषद, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय जनता पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव अरुण सिंह सहित अनेक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
इस कार्ययोजना बैठक में सीहोर से स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्र विचार विभाग प्रमुख अरुषेन्द्र शर्मा ने भी सहभागिता कर मंच का प्रतिनिधित्व किया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि युवा रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कौशल विकास एवं उद्यमिता को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। सभी संगठनों के सामूहिक प्रयास भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

0 Comments