सिहोर जिले के पारेषण नेटवर्क को मिली सुदृढ़ता - ऊर्जा मंत्री श्री तोमर एमपी ट्रांसको ने श्यामपुर में ऊर्जीकृत किया 50 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर


सीहोर, 02 जुलाई, 2026 प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन के उपक्रम मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी( एमपी ट्रांसको) ने सीहोर जिले की पारेषण व्यवस्था को सुदृढता प्रदान करते हुए 132 केवी सबस्टेशन श्यामपुर की क्षमता वृद्धि की है। जहाँ 50 एमवीए क्षमता का एक अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे ऊर्जीकृत किया गया है। इस ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से सबस्टेशन की क्षमता बढ़कर 140 एमवीए की हो गई है। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि इस सब स्टेशन में यह तीसरा पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया गया है, इससे सबस्टेशन में बढ़ते लोड का उचित प्रबंधन किया जा सकेगा।

सीहोर जिले का 26 वां पावर ट्रांसफार्मर ऊर्जाकृत

  एमपी ट्रांसको भोपाल के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री राजेश शांडिल्य ने बताया कि श्यामपुर में जिले का यह 26 वां एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे ऊर्जीकृत किया गया है। सिहोर जिले में मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी अपने 11 सब स्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण का कार्य करती है, जिसमें 132 केवी सब स्टेशन श्यामपुर के अलावा 400 केवी सबस्टेशन आष्टा, 220 केवी सब स्टेशन बुधनी एवं 132 केवी के शाहगंज, सलकनपुर, इछावर,सीहोर,गोपालपुर एवं भैरूंदा सब स्टेशन शामिल है। इस ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से सीहोर जिले की ट्रांसफारमेशन कैपेसिटी बढ़कर 2557 एमवीए की हो गई है।

एमपी ट्रांसको की ट्रांसफॉर्मेशन कैपेसिटी हुई 85298 एमवीए

   एमपी ट्रांसको प्रदेश में अपने 417 एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज सब स्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है जिसमें 400 केवी के 14 सब स्टेशन, 220 केवी के 88 सबस्टेशन एवं 132 केवी के 315 सब स्टेशन शामिल हैं। एमपी ट्रांसको के प्रदेश में कुल 1053 पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील है जिसमें 400 केवी के 41, 220 के वी वोल्टेज लेवल के 220 और 132 के वी के 792 ट्रांसफार्मर शामिल हैं। इस 50 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से एमपी ट्रांसको की कुल ट्रांसफारमेशन कैपेसिटी (पारेषण क्षमता) बढ़ाकर 85298 एमवीए की हो गई है।

Post a Comment

0 Comments