सीहोर शासकीय आईटीआई में प्रवेश प्रारंभ

सीहोर, 01 जून, 2026     सीहोर स्थित डॉ. अम्बेडकर शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था आईटीआई में सत्र 2026-27 हेतु विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल https://mpiticounseling.co.in एवं www.dsd.mp.gov.in पर जाकर “प्रवेश रजिस्ट्रेशन 2026” विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।

     संस्था में इस वर्ष हिन्दी स्टेनो, कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, कम्प्यूटर हार्डवेयर एवं नेटवर्किंग मेंटेनेंस, फैशन डिजाइन एवं टेक्नोलॉजी, विद्युतकार NCVT, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, स्पिनिंग टेक्नीशियन DST तथा विद्युतकार SCVT जैसे विभिन्न व्यवसाय संचालित किए जा रहे हैं। इनमें एक वर्षीय एवं दो वर्षीय पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। प्रवेश के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है।

    संस्था में विभिन्न ट्रेडों में कुल स्वीकृत सीटें भी निर्धारित की गई हैं, जिनमें हिन्दी स्टेनो एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर ट्रेड में 48-48 सीटें, फैशन डिजाइन एवं टेक्नोलॉजी में 40 सीटें, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक में 24 सीटें तथा अन्य ट्रेडों में 20-20 सीटें उपलब्ध हैं।

    प्रवेश हेतु अभ्यर्थी की आयु 01 अगस्त 2026 को न्यूनतम 14 वर्ष होना आवश्यक है। आवेदन के समय मूल निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, 10वीं की अंकसूची, दिव्यांग होने पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टी.सी.) की मूल प्रतियां प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

     संस्था द्वारा अनुसूचित जाति की महिला प्रशिक्षणार्थियों को विशेष सुविधाएं भी प्रदान की जाती हैं। इनमें निःशुल्क छात्रावास, भोजन, पुस्तकें, स्टेशनरी एवं लाइब्रेरी सुविधा के साथ प्रति माह 1000 रुपये छात्रवृत्ति शामिल है। अन्य वर्गों के प्रशिक्षणार्थियों को भी शासन के नियमानुसार छात्रवृत्ति सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए प्रवेश प्रभारी श्री नीरज राठौर के मोबाइल नंबर 9926452724 एवं 7722904620 पर संपर्क किया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments