सभी पात्र हितग्राहियों को मिले योजनाओं का लाभ - अध्यक्ष श्री रवि मालवीय पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम अध्यक्ष ने की स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा


सीहोर, 25 जून, 2026    पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम के अध्यक्ष श्री रवि मालवीय ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में निगम द्वारा संचालित मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक उद्यम योजना और मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक स्वरोजगार योजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, अधिक से अधिक शिविर आयोजित करने, ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने, योजनाओं के लक्ष्य बढ़ाने, छोटे एवं व्यवहारिक प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विधायक श्री सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर ने योजनाओं के अधिक से अधिक प्रचार प्रसार और हितग्राहियों को लाभान्वित करने के संबंध में सुझाव दिए।

  अध्यक्ष श्री रवि मालवीय ने कहा कि गांव और वार्ड स्तर तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा पात्र युवाओं, महिलाओं एवं स्वरोजगार की इच्छा रखने वाले व्यक्तियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाए।

    बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक उद्यम योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को उद्योग, सेवा एवं व्यवसाय स्थापित करने के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना में उद्योग क्षेत्र के लिए 1 लाख से 50 लाख रुपए तथा सेवा एवं व्यवसाय इकाइयों के लिए 1 लाख से 25 लाख रुपए तक की परियोजनाओं को वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। बैंक द्वारा वितरित ऋण पर 3 प्रतिशत वार्षिक ब्याज अनुदान अधिकतम 7 वर्षों तक दिया जाता है। योजना के तहत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पात्र आवेदक लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

  बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री उद्यम योजना के लिए 40 प्रकरणों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 13 प्रकरण बैंकों को प्रेषित किए गए, जिनमें से 10 प्रकरण स्वीकृत तथा 9 प्रकरणों में ऋण वितरण किया जा चुका है।

   बैठक में यह भी बताया गया कि मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक स्वरोजगार योजना के अंतर्गत छोटे स्वरोजगार कार्यों के लिए 10 हजार रुपए से 1 लाख रुपए तक की परियोजनाओं को वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना में बैंक ऋण पर 3 प्रतिशत वार्षिक ब्याज अनुदान अधिकतम 7 वर्षों तक उपलब्ध कराया जाता है। योजना का लाभ 18 से 55 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे व्यक्तियों को दिया जाता है जो आयकरदाता नहीं हैं।

     वर्ष 2026-27 में स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 225 प्रकरणों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 5 प्रकरण बैंकों को प्रेषित किए गए हैं, जिनमें से 2 प्रकरण स्वीकृत एवं 2 प्रकरणों में ऋण वितरण किया जा चुका है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, इछावर जनपद अध्यक्ष श्रीमती रेखा जगदीश पटेल, आष्टा जनपद अध्यक्ष श्रीमती दीक्षा सोनू गुणवान, पिछड़ा वर्ग विभाग की सहायक संचालक श्रीमती दिव्या राय सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments