कौशल श्री विकास समिति द्वारा आयोजित "प्रतिभा का उत्सव, भविष्य की तैयारी" थीम पर आधारित प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन सीहोर के एक निजी गार्डन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के 350 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अतिथि के रुप में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी राजेश काशिव तथा जिला प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री हेमेंद्र तोमर उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए शिक्षा, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदीप नागिया द्वारा किया गया। समारोह में विशेष करियर मार्गदर्शन सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के डॉ. अनिल तिवारी, एलएनसीटी ग्रुप के लेफ्टिनेंट अनुभव चौकसे तथा प्रेस्टीज ग्रुप से परवेज कुरैशी ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर विकल्पों एवं रोजगार की संभावनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान आधुनिक तकनीकों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को ड्रोन तकनीक, उसके उपयोग और भविष्य में बढ़ती संभावनाओं की जानकारी दी गई तथा ड्रोन का लाइव डेमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत किया गया, जिसे विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ देखा।
कौशल श्री विकास समिति के अध्यक्ष सतीश बिल्लौरे ने बताया कि समिति का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों का सम्मान करना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य की तैयारी, करियर मार्गदर्शन और नई तकनीकों से परिचित कराना भी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति प्रेरित करते हैं।
समिति की ओर से राजेश गांधीवार, राकेश बावरिया, अक्षय बिल्लौरे सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले विद्यार्थी, उनके अभिभावक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

0 Comments