प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से हजारों परिवार हुए आत्मनिर्भर, सीहोर में मनाया गया स्वनिधि महोत्सव 25 हितग्राहियों का सम्मान, ओर कुछ लोगों को डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने बारकोड एवं स्पीकर वितरित



सीहोर। नगर पालिका परिषद सीहोर के सभागार में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योजना के उत्कृष्ट हितग्राहियों का सम्मान करते हुए उन्हें सम्मान पत्र एवं कुछ लोगों को डिजिटल भुगतान प्रणाली से जोड़ने के उद्देश्य से बारकोड एवं साउंड बॉक्स (स्पीकर) वितरित किए गए। इस दौरान 25 हितग्राहियों को सम्मानित कर उनके सफल व्यवसाय और समय पर ऋण चुकाने की उपलब्धि के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से अब तक नगर पालिका परिषद सीहोर क्षेत्र के 5 हजार से अधिक रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों एवं छोटे व्यापारियों को योजना का लाभ दिलाया जा चुका है। योजना के अंतर्गत पहले चरण में 10 हजार, दूसरे चरण में 20 हजार तथा समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को तीसरे चरण में 50 हजार तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इससे हजारों छोटे व्यवसायियों का कारोबार बढ़ा है और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
महोत्सव में उन हितग्राहियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिन्होंने योजना के तीनों चरणों का सफलतापूर्वक लाभ प्राप्त किया। इनमें बबीता लोधी (इंदिरा नगर) को यूनियन बैंक के माध्यम से 50 हजार तथा ओमप्रकाश सेन (मंडी क्षेत्र) को भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से 50 हजार का ऋण मिलने पर सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य हितग्राहियों को भी डिजिटल भुगतान अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि उनका व्यवसाय आधुनिक तकनीक से जुड़ सके और नकद लेन-देन पर निर्भरता कम हो।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, मध्यम वर्ग, रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों एवं महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना आज छोटे व्यापारियों के लिए वरदान साबित हुई है। पहले जो लोग सीमित संसाधनों के कारण अपना व्यवसाय बढ़ाने में असमर्थ थे, आज वही व्यापारी इस योजना के माध्यम से अपने कारोबार का विस्तार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल ऋण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें सम्मानपूर्वक रोजगार से जोड़ना और डिजिटल इंडिया अभियान के तहत डिजिटल लेन-देन के लिए भी प्रोत्साहित करना है। समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को लगातार अधिक राशि का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें। उन्होंने हितग्राहियों से आह्वान किया कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें तथा डिजिटल भुगतान को अपनाकर अपने व्यापार को और सशक्त बनाएं।
कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर सिंह, नितिन तिवारी पीओ डूडा, जागृति चौहान, नगर पालिका उपाध्यक्ष विपिन संस्था, पार्षद राजेश माझी, राहुल राय, मांगीलाल मालवीय, कमलेश राठौर सहित प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राही, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments