सीहोर। आज के दौर में जहां अधिकांश लोग अपनी शादी की वर्षगांठ केक काटकर और भव्य आयोजनों के साथ मनाते हैं, वहीं सीहोर के पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने निवासरत वासुदेव धाकड़ एवं उनकी धर्मपत्नी रीना धाकड़ ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ को समाज सेवा से जोड़ते हुए जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान किया।
धाकड़ दंपति ने रक्तदान कर यह संदेश दिया कि जीवन के विशेष अवसरों को मानव सेवा और परोपकार के माध्यम से भी यादगार बनाया जा सकता है। उनके इस सराहनीय एवं प्रेरणादायी कदम की नगर में व्यापक प्रशंसा हो रही है।
इस अवसर पर आशा कार्यकर्ता सरिता विश्वकर्मा सहित नगर के वरिष्ठजनों ने धाकड़ दंपति को वैवाहिक वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। सभी ने उनके इस अनुकरणीय कार्य को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग अपने विशेष अवसरों पर रक्तदान जैसे पुनीत कार्य करें, तो जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में बड़ी सहायता मिल सकती है।
धाकड़ दंपति की यह अनूठी पहल न केवल उनकी सेवा भावना को दर्शाती है, बल्कि समाज को यह संदेश भी देती है कि खुशियों का वास्तविक उत्सव दूसरों के जीवन में नई उम्मीद जगाने से बढक़र कोई नहीं हो सकता।

0 Comments