सीहोर, 24 जून, 2026 खरीफ सीजन प्रारंभ हो चुका है और किसान खरीफ फसलों की बोवनी की तैयारी में जुट गए हैं। किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री अशोक कुमार उपाध्याय द्वारा विकासखंड सीहोर के विभिन्न निजी उर्वरक विक्रेताओं के विक्रय स्थल एवं गोदामों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उर्वरक विक्रय से संबंधित अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर, बिल बुक आदि का अवलोकन किया गया तथा ई-विकास प्रणाली में दर्ज स्कंध का वास्तविक स्टॉक से मिलान किया गया।
निरीक्षण के दौरान उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि किसानों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से ई-चालान प्राप्त कर ही उर्वरक का विक्रय किया जाए तथा उर्वरक वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखें।
कृषि विभाग के अनुसार वर्तमान में जिले में यूरिया 22899 मीट्रिक टन, डीएपी 1454 मीट्रिक टन, एनपीके 9592 मीट्रिक टन एवं एसएसपी 7222 मीट्रिक टन सहकारी एवं निजी विक्रेताओं के पास उपलब्ध है। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार ई-टोकन प्राप्त कर उर्वरक क्रय कर सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान निजी विक्रेताओं को उर्वरक के नमूने लेने, रिकॉर्ड नियमित अपडेट करने और गुणवत्तापूर्ण उर्वरक वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
.jpeg)
0 Comments