सीहोर, 24 जून, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिक्षा विभाग के कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं संकुल प्राचार्यों को निर्देश दिए कि जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन, साइकिल वितरण, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण तथा अपार आईडी निर्माण का कार्य आगामी दो दिवस में अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध वेतन रोकने सहित की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बताया गया कि मैपिंग कार्य में सीहोर विकासखंड ने 93.54 प्रतिशत, आष्टा ने 93.30 प्रतिशत, बुधनी ने 92.94 प्रतिशत, इछावर ने 92.29 प्रतिशत तथा भैरूंदा विकासखंड ने 91.15 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया है। भैरूंदा विकासखंड की अपेक्षाकृत कम प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में शासकीय विद्यालयों में निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों के वितरण की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कर उसकी प्रविष्टियां पोर्टल पर अद्यतन करने के निर्देश भी दिए गए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के कुल 2 लाख 61 हजार 866 छात्र-छात्राओं में से 1 लाख 93 हजार 673 विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाई जा चुकी है। कलेक्टर ने शेष विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के लिए विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर सभी विद्यार्थियों के नामांकन की प्रक्रिया भी आगामी दो दिवस में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें, ताकि विद्यार्थियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
0 Comments