सीहोर, 31 मई, 2026 विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सीहोर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए मानव श्रृंखला, शपथ ग्रहण, भाषण, नारे लगाना सहित अनेक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर विद्यार्थियों को तंबाकू एवं नशे की लत से होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक हानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। मानव श्रृंखला के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को तंबाकू मुक्त बनाने का संदेश दिया तथा सभी ने तंबाकू एवं नशे के सेवन से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ रोहिताश्व कुमार शर्मा ने कहा कि तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों सहित अनेक गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण है तथा यह व्यक्ति के तन, मन और धन तीनों को बर्बाद करता है। उन्होंने कहा कि नशा अच्छी आदतों का होना चाहिए साथ ही नशे की रोकथाम केवल बातों में ही नही व्यवहार में भी होना चाहिए। युवा वर्ग यदि तंबाकू एवं नशे से दूर रहे तो स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।

0 Comments