सीहोर। कन्या शिक्षा परिसर ,सीहोर में आयोजित अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) के दौरान एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय से आए उमंग परामर्शदाता ममतेश राठौर ने अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए अभिभावकों एवं छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
सत्र के दौरान ममतेश राठौर ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि किशोरावस्था में मानसिक संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और भावनात्मक संतुलन के बारे में जागरूक किया। साथ ही नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए सभी को इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कुछ अभिभावकों एवं किशोरियों को व्यक्तिगत रूप से परामर्श भी प्रदान किया गया, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सका।
सत्र में जिला चिकित्सालय के उमंग क्लिनिक एवं मनकक्ष क्लिनिक का पूर्ण पता भी साझा किया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग आसानी से सेवाओं का लाभ ले सकें। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 14416, AI चैटबोट एवं Manhit ऐप की जानकारी भी दी गई, जिससे लोग समय पर परामर्श और सहयोग प्राप्त कर सकें।
सत्र में उपस्थित अभिभावकों ने इसे बेहद उपयोगी बताते हुए ऐसे आयोजनों की सराहना की। विद्यालय प्रबंधन ने भी कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए आवश्यक हैं।


0 Comments