सीहोर, 30 अप्रैल, 2026 अधिवार्षिकी आयु पूर्ण करने पर 30 अप्रैल को सेवा निवृत्त हुए अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह को अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री बालागुरू के तथा एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला सहित सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि सेवा निवृत्त हो रहे अपर कलेक्टर श्री सिंह ने अपने कार्यों को हमेशा पूरी दक्षता और विधिवत तरीके से किया। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष में ऐसा कोई कार्य नहीं रहा, जो उन्हें सौंपा गया हो और समय पर पूरा न हुआ हो। श्री सिंह अपने कर्तव्यों के प्रति अत्यंत सजग और जिम्मेदार अधिकारी रहे हैं। उनकी कार्यशैली में अनुशासन और प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में उनकी पकड़ बेहद मजबूत रही है। उनके अनुभव और कार्य करने के तरीके से अन्य अधिकारी बहुत कुछ सीख सकते हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी संतुलन और कुशलता के साथ कार्य किया। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला ने कहा कि अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह का सबसे बड़ा गुण उनका कार्य के प्रति प्रोफेशनल दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा कि श्री सिंह ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से किया। उनकी कार्यशैली प्रशासनिक अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक रही है।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन का विशेष महत्व है। अनुशासन ही हमें कर्तव्य बोध कराता है और कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संपादित करने में सहायक होता है। समय-समय पर शासन की कार्यप्रणाली में बदलाव आते रहते हैं। इन बदलावों को सहजता से स्वीकार करना और वर्तमान परिप्रेक्ष्य के अनुरूप कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को अपने कार्यों में दक्ष बनने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्य में दक्षता निरंतर अध्ययन और नियमों की जानकारी से प्राप्त होती है। उन्होंने अधिकारियों से अद्यतन जानकारी रखते हुए बेहतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, श्री रविन्द्र परमार, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, श्रीमती स्वाती मिश्रा सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, तहसीलदार श्री अमित सिंह, श्री श्याम चंदेले, सहायक संचालक श्री महेश यादव, सीएमओ श्री सुधीर सिंह सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारियों ने अपर कलेक्टर श्री सिंह के साथ बिताए अपने अनुभव साझा किए।
.jpeg)
0 Comments