नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर की पहल-शिक्षा क्षेत्र में शहर का नाम रोशन करने वाले टापर श्लोक से कराया लाखों के निर्माण कार्य का भूमि-पूजन वार्ड क्रमांक 21 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 13 लाख 50 हजार की लागत से सुसज्जित पार्क का होगा निर्माण


सीहोर। शहर के वार्ड क्रमांक 21 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में नागरिकों की सुविधा एवं क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए 13 लाख 50 हजार रुपये की लागत से एक सुसज्जित एवं आकर्षक पार्क का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य का शिक्षा क्षेत्र में शहर का नाम रोशन करने वाले टापर श्लोक से कार्य का भूमि-पूजन नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। 12 वीं के टॉपर श्लोक प्रजापति के साथ क्षेत्रवासी भूमि पूजन में शामिल थे।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री राठौर ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह पार्क न केवल क्षेत्र की सुंदरता को बढ़ाएगा, बल्कि यहां के नागरिकों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण भी प्रदान करेगा। उन्होंने आगे कहा कि बच्चों के खेलने के लिए सुरक्षित स्थान, बुजुर्गों के लिए बैठने एवं टहलने की समुचित व्यवस्था तथा युवाओं के लिए स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना नगर पालिका का उद्देश्य है। निर्मित होने वाले इस पार्क में हरियाली विकसित की जाएगी, आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था होगी, बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी तथा बच्चों के लिए खेल उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही पाथवे का निर्माण कर नागरिकों के लिए मॉर्निंग वॉक एवं व्यायाम हेतु उपयुक्त वातावरण तैयार किया जाएगा।

नपाध्यक्ष श्री राठौर ने कहा कि नगर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और गुणवत्ता के साथ सभी कार्य समय पर पूर्ण किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपाध्यक्ष विपिन शास्ता, वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद प्रतिनिधि कमलेश कुशवाहा, राजेश माझी, दिनेश कुशवाहा, नरेंद्र राजपूत, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments