मुख्यमंत्री ने जिले के 44,752 पेंशन हितग्राहियों के खाते में सिंगल क्लिक से अंतरित की 26 लाख रूपये से अधिक की राशि राशि अंतरण कार्यक्रम में वीसी के माध्यम से जुड़े कलेक्टर सहित पेंशन हितग्राही


सीहोर, 29 अप्रैल, 2026     मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्रदेश के 33.45 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों के खाते में 200.71 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। प्रदेश के साथ ही उन्होंने सीहोर जिले के 44,752 पेंशन हितग्राहियों के खाते में 26 लाख 85 हजार रुपये की राशि अंतरित की।

    इस अवसर पर सीहोर कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर श्री बालागुरू के. और जिले के पेंशन हितग्राही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राशि अंतरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिले के अनेक पेंशन हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।

     इस दौरान उपस्थित पेंशन हितग्राहियों को पेंशन हस्तांतरण राशि का प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित पेंशन योजनाएं समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए महत्वपूर्ण सहारा हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन का लाभ सुनिश्चित किया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे। कलेक्टर ने हितग्राहियों से भी अपील की कि वे योजनाओं की जानकारी अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले सकें। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी श्री रविन्‍द्र परमार, सहायक संचालक श्री महेश यादव सहित हितग्राही उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments