सीहोर। सीहोर जिला मुख्यालय के ग्राम शेखपुरा में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण किसान राम सिंह गौर को भारी नुकसान उठाना पड़ा। दिनांक 27 अप्रैल 2026 को किसान राम सिंह गौर के खेत में बिजली लाइन से निकली चिंगारी के कारण अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि खेत में खड़े दो ट्रैक्टर, आर्मेचर एवं अन्य कृषि सामग्री जलकर नष्ट हो गये। जिससे पीडि़त किसान का लगभग 25 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
इस घटना के बाद भी बिजली विभाग द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। विभाग की लापरवाही का खामियाजा किसान को दोबारा भुगतना पड़ा। दिनांक 29 अप्रैल 2026 को फिर से रामसिंह गौर के खेत में आग लग गई, जिसमें उनका पूरा भूसा जलकर राख हो गया।
आग बुझाने के प्रयास में किसान राम सिंह गौर के बड़े बेटे को भी हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। लगातार दो घटनाओं के बावजूद अभी तक प्रशासन और बिजली विभाग की ओर से कोई राहत या मुआवजा नहीं दिया गया है।
गांव के लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा पीडि़त किसान को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ग्रामीणजनों ने चैतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए मजबूर होगें।

0 Comments