सीहोर। जिला मुख्यालय से प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम पर देश-विदेश में नाम रोशन करने वाले अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में गत 25 अपै्रल से सादगी के साथ मंदिर परिसर में स्थित मुरली मनोहर मंदिर में लगातार पांच दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर में प्रतिदिन हजारों की संख्या में आने वाले श्रद्धालु आस्था के साथ यज्ञशाला के दर्शन करने के साथ ही परिक्रमा कर रहे है। बुधवार को प्राण-प्रतिष्ठा शुभ मुहूर्त में की जाएगी और उसके पश्चात मंदिर के पट खुलेंगे और यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं का भगवान की आलौकिक और दिव्य प्रतिमाओं के दर्शन करने का सौभाग्य मिलेगा। मंगलवार को विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित समीर शुक्ला, पंडित विनय मिश्रा आदि ने यज्ञ में दिव्य अनुष्ठान किया।
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि कुबेरेश्वरधाम में प्रचंड गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं को परेशानी और असुविधा न हो इसके लिए पंडित मिश्रा के आह्वान पर सीमित श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सादगी और विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन किया गया है। मंदिर को रंगीन रोशनी और फूलों से सजाया गया है, जिससे यहां पर भक्तिपूर्ण माहौल बना हुआ है। मंदिर परिसर में मंगलवार को सहस्त्र धारा जलाधिवास सहित अन्य दिव्य अनुष्ठान का क्रम चलता रहा। अब बुधवार को भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें 10 क्विंटल हलुवे, 15 क्विंटल नुक्ती आदि का भोग लगाकर यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया जाएगा।

0 Comments