सीहोर। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय संगठन के आह्वान पर पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सीहोर जिले के श्यामपुर, इछावर एवं आष्टा ग्रामीण मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया।
जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि सीहोर विधानसभा के श्यामपुर मंडल में रेड रोज स्कूल, इछावर विधानसभा के इछावर मंडल में सरस्वती शिशु मंदिर तथा आष्टा विधानसभा के आष्टा ग्रामीण मंडल में ग्राम भंवरा में प्रशिक्षण वर्ग शिविर आयोजित किए गए।
इछावर मंडल के प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला प्रभारी विकास विरानी, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, विधायक प्रतिनिधि विष्णु वर्मा, मंडल अध्यक्ष पंकज नागर सहित विषय वक्ता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसी प्रकार श्यामपुर मंडल के उद्घाटन सत्र में सीहोर विधायक सुदेश राय, मंडल अध्यक्ष अजय ठाकुर सहित विषय वक्ता उपस्थित रहे।
आष्टा ग्रामीण मंडल के ग्राम भंवरा में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ अवसर पर आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर, मंडल अध्यक्ष हरिओम पिंटू परमार सहित विषय वक्ताओं की उपस्थिति रही।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने अपने सत्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण से जुड़ा हुआ है। भारतीय जनसंघ से प्रारंभ होकर यह संगठन आज विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेताओं के मार्गदर्शन में पार्टी ने राष्ट्रवाद, सुशासन और विकास के सिद्धांतों को आगे बढ़ाया है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की कार्य पद्धति संगठनात्मक अनुशासन, सामूहिक नेतृत्व और कार्यकर्ता आधारित व्यवस्था पर आधारित है। बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन मजबूत संरचना के साथ कार्य करता है और प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के बीच रहकर सेवा, संवाद एवं संगठन विस्तार के माध्यम से पार्टी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करता है।
जिला प्रभारी विकास विरानी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का वैचारिक आधार एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुँचाना है। राष्ट्र प्रथम की भावना, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा पार्टी के मूल विचार हैं।
सीहोर विधायक सुदेश राय ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने के उद्देश्य से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
वहीं आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाएँ और उन्हें इनका लाभ दिलाने में सहयोग करें।
तीनों मंडलों में आयोजित प्रशिक्षण वर्गों में कुल सात सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

0 Comments