सीहोर, 09 मार्च, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने टीएल बैठक के दौरान वन ग्रामों के संपरिवर्तन, वन खण्डों के व्यवस्थापन तथा वन पट्टों की संख्या और रकबे के मिलान के कार्यों में लगातार हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने वन मित्र पोर्टल पर लंबित व्यक्तिगत वनाधिकार दावों के निराकरण में विलम्ब पर संबंधित वन एवं राजस्व अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि वन ग्रामों के राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन, वन खण्डों के व्यवस्थापन तथा वन पट्टों की संख्या और रकबे के मिलान का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वन मित्र पोर्टल पर दर्ज व्यक्तिगत वनाधिकार दावों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि वनाधिकार से जुड़े प्रकरणों और वन ग्रामों के राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन शासन की प्राथमिकता का कार्य है। कलेक्टर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्यों में इसी प्रकार की लापरवाही और देरी जारी रही तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिये जिले मे एचपीवी अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने इस अभियान को अधिक गति प्रदान करने के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि लक्षित बालिकाओं का समय सीमा में टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर एवं टीकाकरण की कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। इसके साथ ही विशेष टीकाकरण सत्रों का भी आयोजन किया जाये। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित है और भविष्य में महिलाओं को होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाऐगी।
बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए कि लोक सेवा गारंटी के तहत प्राप्त होने वाले आवेदनों पर निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों द्वारा समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित आवेदनों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी का उद्देश्य नागरिकों को तय समय-सीमा में शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी अधिकारी इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव ने भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, श्री रविंद्र परमार, श्री जमील खान, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, श्रीमती स्वाति मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेम सिंह गौंड़ सहित सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे।
श्रमयोगी मानधन योजना में अधिक से अधिक पंजीयन के निर्देश
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना की जनपद एवं नगरीय निकायवार समीक्षा के दौरान सभी जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देश दिये कि योजना में अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन कराया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में शिविर लगाकर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को योजना से जोड़ा जाए। पात्र श्रमिकों को योजना की जानकारी देकर उन्हें पंजीयन के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि उन्हें भविष्य में पेंशन का लाभ मिल सके। उन्होंने सीहोर नगर पालिका द्वारा सबसे कम पंजीयन किये जाने पर घोर नाराजगी जताई।
हार्वेस्टर में अतिरिक्त अटैचमेंट के उपयोग से हो नरवाई प्रबंधन
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए किसानों को जागरूक किया जाए तथा उन्हें इसके नुकसान के बारे में बताया जाए। साथ ही किसानों को नरवाई के वैकल्पिक प्रबंधन के उपायों की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने कहा कि गेहूं की कटाई के समय हार्वेस्टर में अतिरिक्त अटैचमेंट लगवाया जाए, ताकि फसल जड़ के किनारे कटे और खेत में नरवाई कम बचे। उन्होंने बताया कि गेहूं की कटाई के दौरान हार्वेस्टर में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम या हैप्पी सीडर अटैचमेंट का उपयोग करना फायदेमंद होता है। इससे फसल जड़ के करीब से कटती है और पराली कम बचती है। बची हुई नमी में सीधे सुपर सीडर के माध्यम से अगली फसल की बुवाई भी संभव हो जाती है, जिससे मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है और पर्यावरण को भी नुकसान नहीं होता।
दिन के समय बिजली सप्लाई बंद रखने के दिए निर्देश
बिजली लाइनों की स्पार्किंग से गेंहू की फसल में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने दिन के समय बिजली सप्लाई बंद रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों से अपील की है कि ट्रांसफार्मर तथा विद्युत लाइनों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। साथ ही किसी भी प्रकार की स्पार्किंग या खराबी दिखाई देने पर तुरंत विद्युत विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
संकल्प से समाधान अभियान के तहत समय पर लगें कैंप
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए हैं कि संकल्प से समाधान अभियान के तहत जिले में निर्धारित समय पर शिविर आयोजित किए जाएं और अधिक से अधिक नागरिकों के प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निराकृत प्रकरणों की जानकारी नियमित रूप से संबंधित पोर्टल पर अपलोड की जाए, ताकि कार्यों की पारदर्शिता और निगरानी बनी रहे।
हिट एंड रन मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि हिट एंड रन मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को पीएम राहत (सड़क दुर्घटना पीड़ितों का कैशलेस उपचार) योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। कलेक्टर ने अधिकारियों को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने तथा पात्र पीड़ितों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं।
.jpeg)
0 Comments