सीहोर। आगामी 8 फरबरी को बैंगलोर में आयोजित होने वाली साइक्लोथॉन प्रतियोगिता में एक बार फिर शहर के होनहार युवा दंत चिकित्सक डॉ. अभिषेक शर्मा आगामी 8 फरवरी को भोपाल संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। डॉ. अभिषेक शर्मा शासकीय जिला चिकित्सालय में आरएमओ रहे स्व. डॉ. अनिल शर्मा के सुपुत्र हैं।
डॉ. अभिषेक शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता 32 किलोमीटर की माउंटेन बाइक रेस है जो एचसीएल सॉफ्टवेयर कंपनी द्वारा आयोजित की जा रही है। इसमें शामिल होना गौरव की बात है। डॉ. अभिषेक शर्मा का प्रतियोगिता में चयन होने पर सीहोर के जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण, सामाजिक संगठन एवं शुभचिंतकों शुभकामनाऐं प्रेषित की हैं। साथ ही खेल प्रेमियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
ज्ञातव्य है कि पूर्व में भी डॉ. अभिषेक शर्मा ने चेन्नई में आयोजित साइकलोथॉन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर शहर और जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने मात्र 24 मिनट 5 सेकंड में 25 किलोमीटर की दूरी पूरी कर सभी को चौंका दिया था।
प्रतियोगिता में शामिल होकर डॉ. शर्मा ने न केवल अपनी फिटनेस और जुनून का परिचय दिया, बल्कि अपने साहस और गति से दर्शकों की तालियां भी बटोरीं। बताया जाता है कि उन्होंने 1 किलोमीटर की दूरी एक मिनट से भी कम समय में तय की थी। नगर के युवाओं साइकिलिंग के प्रति जागरूकता फैलाने में डॉ. अभिषेक शर्मा अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इससे फिटनेस और पर्यावरण प्रदूषण को रोकने में काफी हद तक मदद मिल रही है।

0 Comments